home page

क्रीड़ा संकुल के उद्घाटन पर भाजपा और बविआ आमने-सामने, 500 से अधिक जवान रहे तैनात

 | 
क्रीड़ा संकुल के उद्घाटन पर भाजपा और बविआ आमने-सामने, 500 से अधिक जवान रहे तैनात


मुंबई, 03 अक्टूबर, (हि. स.)। विरार पश्चिम के जकात नाका स्थित वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीएमसी) के क्रीड़ा संकुल के उद्घाटन को लेकर शनिवार को भाजपा और बहुजन विकास आघाड़ी (बविआ) आमने-सामने आ गए। भाजपा सांसद डॉ. हेमंत सावरा, विधायक स्नेहा दुबे-पंडित और विधायक राजन नाईक के नेतृत्व में पहुंचे भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने गेट और पुलिस बैरिकेड हटाकर परिसर में प्रवेश किया। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो तनाव और बढ़ गया। दूसरी ओर पूर्व विधायक और बविआ प्रमुख हितेंद्र ठाकुर के जन्मदिन के अवसर पर 3 अक्टूबर को क्रीड़ा संकुल के उद्घाटन का कार्यक्रम तय किया गया था। बविआ ने इसकी तैयारियां की थीं। भाजपा ने कार्यक्रम के इस तरीके और निमंत्रण को लेकर सवाल उठाते हुए विरोध किया। भाजपा नेताओं का आरोप था कि मनपा के कार्यक्रम में सरकारी राजशिष्टाचार और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। इसके बाद शनिवार सुबह भाजपा नेता और कार्यकर्ता क्रीड़ा संकुल पहुंचे। प्रवेश को लेकर पुलिस से बहस हुई। देखते ही देखते गेट और बैरिकेड हटाने की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के बाद पुलिस को स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त बल लगाना पड़ा। भाजपा-बविआ के टकराव के बीच बोलींज में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों समेत 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। देर शाम भारी सुरक्षा के बीच हितेंद्र ठाकुर ने क्रीड़ा संकुल का उद्घाटन किया। फिलहाल यह पूरा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार