home page

घाटकोपर के ‘केबल-स्टेड’ पुल का काम 2027 में होगा पूरा

 | 

मुंबई, 26 जुलाई (हि.स.)। घाटकोपर में अत्याधुनिक ‘केबल-स्टेड’ पुल का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसका का काम साल 2027 में पूरा करने का लक्ष्य़ निर्धरित किया गया है। यह नया ब्रिज सीधे लाल बहादुर शास्त्री रोड को पार करते हुए आगे बढ़ेगा। इससे इस क्षेत्र की पूरी यातायात व्यवस्था को काफी गति मिलने की उम्मीद है। इस नए पुल से एलबीएस मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने के साथ ही एजीएलआर और जेवीएलआर मार्गों पर भी यातायात की भीड़ को काफी हद तक कम करने में मदद मिलेगी.

मुंबई मनपा और महाराष्ट्र रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमआरआईडीसी) के संयुक्त प्रयास से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विकास किया जा रहा है। पिछले चार दशकों से अधिक समय से एलबीएस मार्ग से ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए घाटकोपर का पुराना रेलवे पुल एक महत्वपूर्ण और प्रमुख संपर्क मार्ग रहा है। हालांकि वर्ष 2018 में किए गए एक विशेष सुरक्षा ऑडिट में यह पुल यातायात के लिए पूरी तरह असुरक्षित पाया गया। एहतियाती कदम उठाते हुए प्रशासन ने इसे तत्काल बंद कर दिया। इसके बाद वाहन चालकों को जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड और अंधेरी-घाटकोपर लिंक रोड जैसे पहले से ही व्यस्त मार्गों से होकर लंबा चक्कर लगाकर यात्रा करनी पड़ रही थी। इन वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों की भारी भीड़ के कारण वाहन चालकों का काफी समय बर्बाद होता था। इस गंभीर समस्या को देखते हुए मुंबई मनपा और एमआरआईडीसी ने पुराने पुल की जगह अधिक क्षमता वाले नए ‘केबल-स्टेड’ पुल के निर्माण का निर्णय लिया।

पूर्वी उपनगर में यह अपनी तरह का पहला भव्य ‘केबल-स्टेड’ डिजाइन वाला पुल होगा। यह पुल मध्य रेलवे की मुख्य पटरियों के ऊपर से गुजरने के साथ-साथ प्रस्तावित ‘मेट्रो लाइन-4’ और भूमिगत ‘बुलेट ट्रेन’ मार्ग को भी पार करेगा। इस परियोजना में रेलवे पटरियों के ऊपर 108 मीटर लंबा हिस्सा केबल-स्टेड डिजाइन का होगा। वहीं, हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन मार्ग के ऊपर 92 मीटर और एलबीएस मार्ग के ऊपर 90 मीटर लंबे हिस्से का निर्माण ‘बो-स्ट्रिंग स्टील स्पैन’ तकनीक से किया जा रहा है। यह ब्रिज गोलीबार रोड जंक्शन से शुरू होकर सीधे ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे तक जुड़ेगा.

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार