मुंबई-ठाणे सफर होगा आसान, ईस्टर्न फ्रीवे एक्सटेंशन परियोजना ने पकड़ी रफ्तार
मुंबई, 21 जुलाई (हि.स.)। मुंबई की बहुप्रतीक्षित 13.9 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड ईस्टर्न फ्रीवे एक्सटेंशन परियोजना ने निर्माण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने विशेष अभियान के तहत महज चार घंटे में 59-59 मीटर लंबे और 160-160 टन वजनी दो मुख्य ट्रस सफलतापूर्वक स्थापित कर दिए हैं।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद मुंबई से ठाणे के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। अनुमान है कि दक्षिण मुंबई से ठाणे तक का सफर करीब 20 से 25 मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
एमएमआरडीए अब परियोजना के अगले चरण में 1,632 प्रीकास्ट सेगमेंट लगाने का काम तेज गति से शुरू करेगा। इन सेगमेंट की मदद से छह लेन वाले एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण तेजी से आगे बढ़ेगा।
ठाणे से घाटकोपर को जोड़ेगा नया कॉरिडोर
13.9 किलोमीटर लंबा यह छह लेन वाला हाई-स्पीड एलिवेटेड कॉरिडोर ठाणे के आनंद नगर को मुंबई के घाटकोपर स्थित छेड़ा नगर से जोड़ेगा। इसके शुरू होने से ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
एमएमआरडीए अधिकारियों के अनुसार, सेगमेंट लॉन्चर के दोनों मुख्य ट्रस की स्थापना का वास्तविक कार्य करीब एक घंटे में पूरा कर लिया गया, जबकि पूरी प्रक्रिया चार घंटे में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इसके लिए पहले से विस्तृत योजना तैयार की गई थी और मुंबई ट्रैफिक पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया।
1,632 प्रीकास्ट सेगमेंट से बनेगा सुपर स्ट्रक्चर
मुख्य ट्रस स्थापित होने के बाद अब 1,632 प्रीकास्ट कंक्रीट सेगमेंट लगाए जाएंगे। प्रत्येक सेगमेंट का वजन लगभग 90 टन होगा। इनकी मदद से 25 मीटर चौड़ा सिंगल-सेल सेगमेंटल सुपर स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा, जिससे वायाडक्ट निर्माण की गति कई गुना बढ़ जाएगी।
एमएमआरडीए के मुताबिक, दो विशाल ट्रस की रिकॉर्ड समय में सफल स्थापना आधुनिक इंजीनियरिंग, सटीक योजना और बेहतर समन्वय का उदाहरण है। इस उपलब्धि के साथ मुंबई का नया हाई-स्पीड कॉरिडोर अब तेजी से आकार ले रहा है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

