home page

अमेरिकी ट्रेड डील के खिलाफ, युथ कांग्रेस का न्याय सत्याग्रह आंदोलन

 | 

मुंबई, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ मुंबई युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को न्याय सत्याग्रह आंदोलन किया। इस दौरान ट्रेड डील को तत्काल रद्द कर किसानों को राहत देने की मांग की गई।

कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड के नेतृत्व में मुंबई पार्टी के कार्यालय के बाहर आंदोलन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे। वर्षा ने कहा कि मोदी सरकार ने अमेरिका के साथ ट्रेड एग्रीमेंट करके भारत के स्वाभिमान को गिरवी रख दिया है। इससे किसान बर्बाद हो जाएंगे औऱ उन्हें उपज की कीमत नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि ईरान- अमेरिका युद्ध का असर भारत पर दिखने लगा है। फ्यूल और गैस की कमी के कारण लोगों को कतारों में लगना पड़ रहा है। मुंबई में छोटे होटलों और कारोबारियों को गैस न मिलने से व्यवसाय बंद करना पड़ रहा है। रसोई गैस की ब्लैक मार्केटिंग बढ़ गई है। बाहरी राज्यों से आए मजदूरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मुंबई युवक कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत शबरीन ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की करने के बजाय नीचे जा रहा है। देश की विदेश नीति पूरी तरह फेल हो गई है। यूथ कांग्रेस सत्याग्रह के जरिए किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों के मुद्दों पर आवाज उठाएगी। इस मौके पर विधायक अमीन पटेल, प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार