home page

कांग्रेस अकेले लड़ेगी मुंबई नगर निगम चुनाव : विजय वडेट्टीवार

 | 

मुंबई, 10 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में नगरनिकाय चुनाव से पहले ही महाविकास आघाड़ी में फूट पड़ती नजर आ रही है। कांग्रेस पार्टी के नेता विजय वडेट्टीवार ने सोमवार को मुंबई में कहा कि उनकी पार्टी स्वबल पर मुंबई नगर निगम चुनाव लड़ेगी। वडेट्टीवार ने कहा कि इस तरह का निर्णय उनकी पार्टी के आला नेताओं ने लिया है, इसलिए किंतु-परंतु का सवाल ही खड़ा नहीं होता है।विजय वडेट्टीवार ने सोमवार को मीडिया को बताया कि मुंबई में उनकी पार्टी की ताकत है, इसलिए पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। वडेट्टीवार ने कहा कि मुंबई को छोड़कर अन्य नगर निकाय चुनाव के बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।इस पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-एसपी की प्रवक्ता विद्या चव्हाण ने कहा है कि कांग्रेस अलग पार्टी है और अगर कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की है तो इसका स्वागत है। चव्हाण ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जमीनी स्तर का हर कार्यकर्ता चुनाव लड़ने का इच्छुक रहता है। इसे देखते हुए विजय वडेट्टीवार का निर्णय सही लग रहा है।मनसे महासचिव संदीप देशपांडे ने कहा कि कांग्रेस ने स्वबल का नारा दिया है तो इसका स्वागत है। मनसे की भूमिका की घोषणा राज ठाकरे करेंगे।माना जा रहा है कि शिवसेना यूबीटी के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने जब से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे के साथ नजदीकी बढ़ाई है, तब से महाविकास आघाड़ी में कांग्रेस सहज महसूस नहीं कर रही है। कुछ दिन पहले कांग्रेस पार्टी की प्रदेश प्रभारी रमेश चेनिथला की अध्यक्षता में मुंबई में हुई बैठक में मुंबई के पदाधिकारियों ने भी स्वबल पर चुनाव लड़ने का इरादा व्यक्त किया था। अधिकांश मुंबई कांग्रेस पदाधिकारियों ने मनसे के साथ किसी भी तरह का चुनावी गठबंधन न करने की आवाज बुलंद की थी।

----------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव