home page

महाराष्ट्र की सात सरकारी योजनाएं बंद करने पर कांग्रेस के तीखे तेवर

 | 

मुंबई, 21 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में सात बच्चों और महिलाओं से संबंधित सात सरकारी योजनाएं बंद करने के मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का कहना है कि एक भी सरकारी योजना बंद नहीं होगी। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने दावा किया है कि महिला व बाल कल्याण विभाग की सात योजनाओं में से तीन बंद कर दी गई हैं और चार को अगले साल बंद करने की तैयारी की गई है। कांग्रेस ने महायुति सरकार पर हमला बोलते हुए इसे सरकार का 'पूतना मौसी' का प्यार बताया है।

कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सुधीर ढोणे के अनुसार ये योजनाएं महाविकास आघाड़ी के कार्यकाल में पूर्व महिला व बाल कल्याण मंत्री यशोमति ठाकुर ने विधवाओं, तलाकशुदा महिलाओं और बच्चों को आर्थिक मदद देने के लिए शुरू की थीं। मुख्यमंत्री लाडकी बहीन योजना शुरू करके महिलाओं के वोट लेकर सत्ता में आई महायुति सरकार ने दिखा दिया है कि उसे बच्चों से नहीं बल्कि पूतना मौसी से सच्चा प्यार है।

ढोणे ने दावा किया है कि महिलाओं के लिए मल्टीपर्पस सोशल सेंटर, जिला परिषदों के जरिए महिला मंडलों को अनुदान, देवदासी बच्चों के पुनर्वास के लिए जिला परिषदों को मदद देने की स्कीम, बिना बिजली वाले आंगनवाड़ी सेंटरों के लिए सोलर एनर्जी सिस्टम स्कीम को 16 अक्टूबर 2026 से बंद कर दिया गया है। सरकार ने अगले साल से मेरी बेटी भाग्यश्री योजना (संशोधित), शेल्टर चलाने के लिए एनजीओ को सपोर्ट करने की स्कीम, और कोरोना में अनाथ बच्चों के लिए आर्थिक मदद स्कीम बंद करने का निर्णय लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार