मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर नालासोपारा में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंका
मुंबई, 28 सितंबर, (हि. स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सोमवार को नालासोपारा के प्रांत कार्यालय के बाहर, वसई-विहार जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे भाजपा को लाभ पहुंचाने वाली प्रक्रिया बताया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और उनके इस्तीफे की भी मांग की।
कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है, जिससे आम नागरिकों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन निलेश पेंढारी ने कहा कि मतदान का अधिकार भारतीय लोकतंत्र की बुनियादी पहचान है। यदि पात्र नागरिकों को इससे वंचित किया जाता है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने एसआईआर और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर 28 सितंबर को महाराष्ट्रभर में आंदोलन का ऐलान किया था, नालासोपारा का यह प्रदर्शन भी इसी राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा रहा। आंदोलन में प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश कांबले, डॉमिनिक डिमेलो, प्रदेश सचिव रुपेश रॉड्रिक्स, जिला महासचिव किरण शिंदे, कार्याध्यक्ष रतन तिवारी, संदीप कनोजिया, कुलदीप वर्तक, अश्रफ अली, अर्शद डबरे, रफिक शेख, साजिद सय्यद, प्रिंसली घोंसालवीस, रेनॉल्ड लोपीस सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

