home page

मरीन ड्राइव इलाके में कांग्रेस का प्रदर्शन, कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

 | 

मुंबई, 10 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव इलाके में सोमवार को कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सतारा जिले में एक महिला डॉक्टर के आत्महत्या मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस प्रदर्शन से मरीन ड्राइव पर एक घंटे तक ट्रैफिक प्रभावित रहा।

पुलिस ने बताया कि सातारा जिले फलटन जिला उप-अस्पताल की महिला डॉक्टर संपदा मुंडे ने अपने हाथ पर दो पुलिस अधिकारियों का नाम लिखकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले महिला ने संबंधित अधिकारियों को लिखे पत्र में एक पूर्व सांसद के नाम का भी जिक्र किया था।

पुलिस के अनुसार प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के आवास वर्षा बंगले की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका तो रास्ता रोक कर प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद पुलिस ने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस महासचिव सचिन सावंत सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव