home page

कांग्रेस ने किया नवनिर्वाचित नगरसेवकों का सम्मान

 | 

मुंबई, 19 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन आघाड़ी के साथ मिलकर मुंबई मनपा का चुनाव लड़ा। कांग्रेस ने 24 नगरसेवक चुने गए हैं। सोमवार को मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद वर्षा गायकवाड़ की उपस्थिति में सभी नवनिर्वाचित नगरसेवकों को सम्मानित किया गया।

मुंबई प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस सम्मान समारोह में पूर्व मंत्री व विधायक असलम शेख, विधायक अमीन पटेल, मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस सहित पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित थे। वर्षा ने कहा कि चुनाव में धनबल और सत्ता का दुरुपयोग किया गया। विपक्षी पार्टी के उम्मीदवारों को धमकाया गया और सरकारी मशीनरी सत्ताधारी दल के पक्ष में काम करती नजर आई। बावजूद इसके जनता की ताकत के सामने धनबल हार गया। भले ही हमारी संख्या कम हो, लेकिन पार्टी के नगरसेवक मनपा में मुंबई वासियों की आवाज मजबूती से उठाएंगे। हमारा लक्ष्य बेहतर सड़कें, स्वच्छ पेयजल, ट्रैफिक जाम से राहत, बेस्ट बस की बेहतर सुविधाएं और प्रदूषण मुक्त वातावरण देना है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के साथ ही हम विभिन्न सरकारी संस्थाओं का निजीकरण नहीं होने देंगे।

वर्षा ने कहा कि जहां भाजपा में तानाशाही है, वहीं कांग्रेस में लोकतंत्र है। पार्टी में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है। कांग्रेस को अपने नगरसेवकों पर पूरा भरोसा है, इसलिए उन्हें किसी होटल में रखने की जरूरत नहीं पड़ती। मैंने कभी भी पार्टी अध्यक्ष पद की मांग नहीं की। जब भी पार्टी मुझसे इस्तीफा मांगेगी, मैं देने के लिए तैयार हूं। अगर कोई मसला है तो उस पर पार्टी के भीतर ही चर्चा की जानी चाहिए न की बाहर। हमारे 24 नगरसेवक 24 कैरेट सोना के बराबर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार