कांग्रेस ने जलाई मनुस्मृति की प्रतियां
मुंबई, 31 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में आयोजित सभा के बाद ‘शुद्धीकरण’ किए जाने की घटना को लेकर हंगामा मच गया है। मुंबई युवा कांग्रेस ने सोमवार को मुंबई के दादर में भाजपा व आरएसएस की कथित जातिवादी और मनुवादी मानसिकता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने मनुस्मृति की प्रतियां जलाकर अपना आक्रोश जताया।
मुंबई युवा कांग्रेस अध्यक्ष जीनत शबरीन के नेतृत्व में दादर स्थित भाजपा कार्यालय के सामने जोरदार आंदोलन किया गया। इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनुस्मृति की प्रतियां जलाकर भाजपा-आरएसएस की मनुवादी विचारधारा का विरोध किया। भाजपा कार्यालय के सामने कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए जातिवादी मानसिकता के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। शबरीन ने कहा कि खड़गे की सभा के बाद सभा स्थल का ‘शुद्धीकरण’ करना जातिवादी मानसिकता की पराकाष्ठा है। यह केवल खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों दलित, वंचित और शोषित नागरिकों का अपमान है। भारतीय संविधान ने हर नागरिक को समानता का अधिकार दिया है। इसके बावजूद जाति-पाति और अस्पृश्यता की मानसिकता को बढ़ावा देने वाली प्रवृत्तियों के खिलाफ युवा कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी
शबरीन ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, बंधुता और सामाजिक न्याय का अधिकार दिया है। छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा फुले, राजर्षि शाहू महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के प्रगतिशील विचारों की विरासत वाले महाराष्ट्र में जातीय भेदभाव और मनुवादी विचारधारा के लिए कोई स्थान नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

