home page

उद्धव ठाकरे के मोर्चे में शामिल होगी, कांग्रेस और एनसीपी

 | 

मुंबई, 1 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ शिवसेना (यूबीटी) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार 4 अक्टूबर को मुंबई में एक विशाल मोर्चा निकालने की घोषणा की है। अब इस आंदोलन में कांग्रेस और एनसीपी (एसपी) ने भी शामिल होने का फैसला किया है।

इंडिया गठबंधन की बैठक में शिवसेना (यूबीटी) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस के एकला चलो की नीति पर नाराजगी जताई थी। इस पर कांग्रेस सकते में आ गई है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने जानकारी दी है कि महाराष्ट्र में बतौर महाविकास आघाड़ी हम शिवसेना (यूबीटी) के साथ हैं। 4 अक्टूबर को मुंबई में होने वाले ठाकरे सेना के आंदोलन में कांग्रेस भी शामिल होगी है। यह जनआंदोलन है, जिसमें कई सामाजिक संगठन, राजनीतिक दल और जनता शामिल होगी। एनसीपी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने भी जानकारी दी है कि हम ठाकरे सेना के मोर्चे में शामिल होंगे। एनसीपी (एसपी) के प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने कहा कि महाविकास अघाड़ी की बैठक के बाद उद्धव ठाकरे और शरद पवार के बीच बातचीत हुई। शरद पवार ने हमें आंदोलन में शामिल होने का निर्देश दिया है। गुरुवार को मैंने मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस समय राज्य और देश में विरोध करना मुश्किल हो गया है। जब सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कोई स्टैंड लिया जाता है, तो मशीनरी का इस्तेमाल करके दमन शुरू हो जाता है। संबंधित व्यक्ति को बदनाम किया जाता है। पार्टी पदाधिकारी 4 तारीख को पार्टी का झंडा लिए बिना मोर्चे में शामिल होंगे।

शशिकांत शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार ने मराठा आरक्षण को लेकर अपने वादे अभी तक पूरे नहीं किए हैं। मनोज जरांगे ने सरकार को तीन महीने की डेडलाइन दी थी, लेकिन पिछले एक महीने से उस पर दबाव बनाने की कोशिशें चल रही हैं। दबाव बनाने का यह तरीका लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार