राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस ने भी ठोंका दावा
मुंबई, 26 फरवरी (हि.स.)। आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर महाविकास आघाड़ी (मविआ) में सीट को लेकर मतभेद उभरकर सामने आ रहे हैं। राज्य की 7 सीटों के चुनाव में महाविकास आघाड़ी केवल एक सीट पर चुनाव जीत सकती है। एनसीपी मुखिया शरद पवार की उम्मीदवारी को लेकर चल रही चर्चार्ओं के बीच कांग्रेस पार्टी ने भी दावा करके पेंच उलझा दिया है।
मविआ के घटक दलों शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी (एसपी) के पास कुल 46 विधायक हैं। संख्या बल के आधार पर वह एक ही सीट जीत सकती है। एनसीपी (एसपी) की ओर से वरिष्ठता के आधार पर शरद पवार को फिर से राज्यसभा भेजने की मांग हो रही है। दूसरी ओर समझा जाता है कि यूबीटी के विधायक आदित्य ठाकरे ने भी सीट पर दावा किया है। कांग्रेस ने भी राज्यसभा सीट के लिए अपनी दिलचस्पी साफ कर दी है। कांग्रेस विधायक दल नेता विजय वडेट्टीवार ने का कहना है कि उन्होंने प्रस्ताव दिया था, क्योंकि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है, इसलिए राज्यसभा सीट कांग्रेस को दी जानी चाहिए. उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि सीट बंटवारे का मुद्दा बातचीत से सुलझ जाएगा।
वडेट्टीवार ने कहा कि हम मिलकर चुनाव लड़ेंगे और उम्मीदवार का फैसला तीनों पार्टियों की सहमति से होगा। राज्यसभा के लिए आवेदन करने की डेडलाइन 5 मार्च तक है, इसलिए आखिरी फैसला सहयोगी पार्टियों के साथ सम्मानजनक बातचीत के बाद लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

