home page

मुंबई में पानी कटौती को लेकर कांग्रेस ने लगाया टैंकर माफियाओं को सह देने का आरोप

 | 

मुंबई, 31 अगस्त (हि.स.)। मुंबई महानगर में 10 प्रतिशत पानी कटौती को लेकर बखेड़ा खड़ा हो गया है। कांग्रेस पार्टी ने इसे लेकर मुंबई मनपा प्रशासन को आड़े लिया है। पिछले दो साल के जलाशयो में हुए जलभंडारण का हवाला देते हुए टैकर माफियाओं के सह देने के आरोप लगाए गए हैं।

कांग्रेस ने सोमवार को मुंबई मनपा प्रशासन की ओर से जारी किए गए मुंबई को जलापूर्ति करने वाली सात झीलों के आंकड़ों को आधार बनाया है। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अतुल लोंढे ने आरोप लगाया है कि मुंबई में सोसाइटियों में 10 प्रतिशत पानी की कटौती हो रही है और लोगों को टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। यदि किसी जगह विकास नहीं हुआ है और पानी की पाइपलाइन नहीं पहुंची है व पानी का कोई सोर्स नहीं है, तो टैंकर का जाना समझ में आता है। लोंढे ने सवाल उठाए हैं कि यदि टैंकरों से पानी सप्लाई करते हैं, तो पानी आता कहां से आ रहा है? टैंकर लॉबी कौन है? इस टैंकर लॉबी के मालिक कौन हैं? क्या इसमें नगरसेवक शामिल हैं? या उनके करीबी ठेकदार या उनके रिश्तेदार हैं? यह सच सामने आना चाहिए. पता लगना चाहिए कि टैंकर किसके हैं और नगरसेवकों के टैंकर वालों से क्या कनेक्शन हैं? आखिर मुंबई में 10 प्रतिशत पानी की कटौती क्यों की जा रही है?

मुंबई मनपा की ओर से सोमवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार मुंबई को जलापूर्ति करने वाली 7 झीलों में 95.90 प्रतिशत जलभंडारण हो चुका है। पिछले साल की तुलना करें तो जलाशयों में इसी अवधि में 96.27 फीसदी पानी जमा हुआ था। उसके पहले साल 2024 में 7 जलाशयों में पानी जमा होने की स्थिति 96.54 प्रतिशत थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार