home page

मुंबईवासियों की चिंता बढ़ी, झीलों में घटा पानी

 | 

मुंबई, 16 जुलाई (हि.स.)। मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाली सातों झीलों में पानी घट गया है। इससे मुंबई वासियों की चिंता बढ़ गई है। पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश के बाद अब मानसून की गति धीमी पड़ गई है। इस वजह से वर्तमान में कुल उपयोगी जल भंडार घटकर 49.65 प्रतिशत रह गया है। झीलों के जल भंडार की मौजूदा स्थिति को देखते हुए नागरिकों से पानी का संयमित उपयोग करने की अपील की गई है।

मुंबई मनपा के जल अभियंता विभाग की तरफ से गुरुवार को दी गई जानकारी के अनुसार बारिश न होने के कारण झीलों के जलस्तर में कमी आई है। सातों जलाशयों की 14,47,363 मिलियन लीटर कुल भंडारण क्षमता है। केवल 7,18,582 मिलियन लीटर उपयोगी पानी शेष है। पिसे बांध के न्यूमैटिक गेटों की आपातकालीन मरम्मत और भातसा बांध से छोड़े जा रहे पानी के अनियमित प्रवाह के कारण पिसे क्षेत्र का जलस्तर घटा है। इसका असर भांडुप जलशुद्धीकरण केंद्र को मिलने वाली जल आपूर्ति पर पड़ा है। मुंबई शहर की सीमा में स्थित विहार और तुलसी झीलें जुलाई की शुरुआत में हुई भारी बारिश के कारण लगभग पूरी तरह भर चुकी हैं. दोनों झीलें 7 जुलाई को ही ओवरफ्लो होने लगी थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार