बांद्रा से गोरेगांव की राह होगी आसान
मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भीषण ट्रैफिक जाम से जूझ रहे मुंबई वासियों के लिए राहत की खबर है। जल्द बांद्रा से गोरेगांव की राह आसान हो जाएगी। मुंबई मनपा और एमएसआरडीसी ने एक महत्वाकांक्षी योजना पर काम तेज कर दिया है। समुद्री सेतु और एलिवेटेड मार्गों का मजबूत नेटवर्क का जाल बिछाया जाएगा। वर्ष 2028 के अंत तक इन दोनों अहम परियोजनाओं के पूरा होते ही साल 2029 से पश्चिम उपनगर की यात्रा आसान हो जाएगी। बांद्रा से गोरेगांव के बीच की दूरी महज 15 मिनट में पूरी की जा सकेगी।
उत्तर मुंबई कोस्टल रोड परियोजना के तहत मुंबई मनपा वर्सोवा से दहिसर-भायंदर के बीच कोस्टल रोड बना रही है। इसके पहले चरण में वर्सोवा इंटरचेंज से गोरेगांव बांगुर नगर तक 4.54 किलोमीटर लंबा आठ लेन का एलिवेटेड रोड बनाया जा रहा है। 45 मीटर चौड़े इस पुल के लिए पिलर खड़े करने का काम तेजी से चल रहा है। हाल में मनपा के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने मौके का मुआयना कर काम को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस एलिवेटेड रोड को एमएसआरडीसी के 17 किलोमीटर लंबे बांद्रा-वर्सोवा सी लिंक से जोड़ा जाएगा, जो आगे बांद्रा-वर्ली सी लिंक से जुड़ेगा।
इस पूरी परियोजना को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. फिलहाल लिंक रोड और एसवी रोड के भारी जाम के कारण वर्सोवा से गोरेगांव जाने में 40 से 50 मिनट का समय लगता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

