शिवसेना भवन के बाहर हंगामा, आदित्य ठाकरे ने दी 'महाराष्ट्र बंद' की चेतावनी
मुंबई. 11 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रविवार को दादर के शिवाजी पार्क मैदान पर प्रदर्शन का ऐलान करने वाली सीजेपी का ठाकरे बंधुओं ने समर्थन किया। पुलिस ने सीजेपी कार्यकर्ताओं की धरपकड़ शुरू की तो आदित्य ठाकरे और मनसे नेता अमित ठाकरे ने विरोध किया। इस बीच पुलिस ने शिवसेना भवन के बाहर शिवसैनिकों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया। इससे मामला तनावपूर्ण हो गया। आदित्य ठाकरे ने तानाशाही का आरोप लगाते हुए महाराष्ट्र बंद की चेतावनी दी है।
पुलिस ने शिवाजी पार्क पर सीजेपी के प्रस्तावित आंदोलन को अनुमति नहीं दी थी। पुलिस द्वारा आंदोलनकारियों की धरपकड़ किए जाने के बाद शिवसेना भवन के बाहर शिवसैनिकों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने बल प्रयोग कर कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद शिवसैनिकों ने पुलिस पर शिवसेना भवन में घुसने का प्रयास करने का आरोप लगाया। इस बीच शिवसैनिकों और पुलिसवालों में झड़प भी हुई।
युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे और तेजस ठाकरे तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए शिवसैनिकों को रिहा करने की मांग को लेकर दोनों नेता आक्रामक हो गए। उन्होंने पुलिस के वाहन को रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आदित्य ठाकरे ने सीधे तौर पर 'महाराष्ट्र बंद' का ऐलान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन को जानबूझकर बिगाड़ने की कोशिश की गई है। सरकार की दादागिरी अब सहन नहीं की जाएगी और पूरी मुंबई बंद कर दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यह आंदोलन और अब अधिक उग्र होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

