home page

सीधी सेवा भर्ती के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कमेटी गठित

 | 

मुंबई, 07 सितंबर (हि.स.)। सीधी सेवा भर्ती में छोटे कैडर के पदों को भरने के लिए तय पॉइंट लिस्ट की समीक्षा करने और सरकार को उपाय सुझाने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है. मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में बनाई गई यह कमेटी अपनी रिपोर्ट तीन महीने में महाराष्ट्र सरकार को सौंपेगी। इस संबंध में जीआर जारी कर दिया गया है।

कमेटी का काम सरकार को पॉइंट लिस्ट में ज़रूरी बदलावों के बारे में सुझाव देना होगा। ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि छोटे कैडर में सीधी सेवा के पदों को भरने के लिए ओपन और आरक्षित कैटेगरी के लिए आरक्षण के मौजूदा प्रतिशत को ध्यान में रखते हुए सभी को प्रतिनिधित्व मिल सके। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में 2 जुलाई 2026 को हुई महाराष्ट्र स्टेट ट्राइबल एडवाइजरी काउंसिल की 52वीं बैठक हुई थी। इसमें छोटे कैडर के पदों के लिए पॉइंट लिस्ट के हिसाब से सभी आरक्षित कैटेगरी को उचित प्रतिनिधित्व देने के बारे में चर्चा हुई थी। इस बैठक में अनुसूचित जनजाति के लोगों के प्रतिनिधियों की राय को ध्यान में रखकर पॉइंट लिस्ट की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए थे। इसी के अनुसार यह कमेटी बनाई गई है।

मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल कमेटी के चेयरमैन होंगे। सांसद डॉ. हेमंत सावरा, विधायक राजेंद्र गावित और राजू तोड़साम को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। इसके अलावा सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त सचिव (सेवा, विधि व न्याय विभाग प्रधान सचिव, सामाजिक न्याय विभाग के प्रधान सचिव, अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव और आदिवासी विकास विभाग के सचिव कमेटी के सदस्य होंगे। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव कमेटी के सदस्य- सचिव होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार