home page

धारावी-कोलीवाड़ा के सीमांकन के लिए कमेटी गठित

 | 

मुंबई, 15 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने धारावी-कोलीवाड़ा के सीमांकन को अंतिम रूप देने के लिए कोंकण डिविजनल कमिश्नर की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया है। इस आशय का जीआर बुधवार को राजस्व विभाग ने जारी किया।

इस कमेटी को जरूरी समीक्षा करने के बाद सीमांकन के लिए राज्य सरकार से सिफारिश करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस कमेटी में कमिश्नर व डायरेक्टर, लैंड रिकॉर्ड्स पुणे, मुंबई मनपा के अतिरिक्त आयुक्त, मुंबई शहर और उपनगर के जिलाधिकारी, मुंबई मनपा के सिटी इंजीनियर, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन विभाग के निदेशक, मत्स्य विभाग के सहायक आयुक्त सदस्य के तौर पर शामिल किया गया हैं। जबकि कोंकण विभाग के लैंड रिकॉर्ड्स के डिप्टी डायरेक्टर को इस कमेटी का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।

मुंबई के जिलाधिकारी ने साल 2018 में धारावी कोलीवाड़ा का एक सर्वे मैप तैयार किया था। यह कमेटी इस मैप में दिखाई गई सीमाओं को बनाए रखने के संदर्भ में काम करेगी। धारावी रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट ने धारावी कोलीवाड़ा की सीमाएं तय करने के लिए तैयार किए गए सर्वे मैप पर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। कमेटी को कोलीवाड़ा के बाहरी सीमांकन को मंजूरी देने के लिए मिली आपत्तियों के हिसाब से कार्यवाही करने और सुझाव देने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए कमेटी को मछुआरा संगठनों के प्रतिनिधियों की आपत्तायां व सुझाव सुनने के बाद किसी आखिरी नतीजे पर पहुंचाना होगा।

कमेटी को जांच में कुछ मुद्दे शामिल करने की इजाज़त दी गई है। कमेटी ज़रूरत के हिसाब से मुंबई मनपा, मुंबई शहर जिलाधिकारी कार्यालय और धारावी रीडेवलपमेंट परियोजना से जुड़े दस्तावेज मांग सकेगी। कमेटी साइट इंस्पेक्शन भी कर सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार