कॉकरोच को कम मत समझोः उद्धव ठाकरे
मुंबई, 06 जून (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में शनिवार को आंदोलन हुआ। कई राजनीतिक दलों ने इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इसी कड़ी में शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सीजेपी का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार कॉकरोच पार्टी को कम न समझे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफे दे देना चाहिए।
उद्धव ठाकरे ने एक बयान जारी कर कहा कि युवाओं को देश का भविष्य माना जाता है। वे अपने भविष्य की चिंता और दर्द को लेकर चिलचिलाती गर्मी में सड़कों पर उतरे हैं। उन्हें “कॉकरोच” कहना और उनकी मांगों को नजरअंदाज़ करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक की वजह से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लगा है और उनकी शिकायतें सरकार तक पहुंचाना ज़रूरी है। उद्धव ने कहा कि सभी परेशान विद्यार्थी कॉकरोच बनकर न्याय के लिए अपनी आवाज उठा रहे हैं। इसे हल्के में न लिया जाए। सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए। जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन ने साफ चेतावनी दी है कि कॉकरोच की शिकायतों को कम न आकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

