ऑनलाइन प्रणाली से जुड़ेगा मुख्यमंत्री मदद कोष
मुंबई, 12 अप्रैल (हि.स।)। राज्य के आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को अब इलाज के लिए आर्थिक सहायता अधिक तेजी से मिल सकेगी। मुख्यमंत्री सहायता निधि और धर्मार्थ अस्पताल सहायता कक्ष की ऑनलाइन प्रणाली जल्द ही शुरू की जाएगी।
इस नई प्रणाली के माध्यम से आवेदन स्वीकृति की प्रक्रिया 8 घंटे के भीतर पूरी कर ली जाएगी।
अब मरीजों के बजाय सहायता कक्ष से जुड़े अस्पताल सीधे आवेदन प्रस्तुत करेंगे। इससे मरीजों को किसी भी प्रकार का फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी और उपचार प्रक्रिया को गति मिलेगी। इस ऑनलाइन प्रणाली का उद्घाटन आने वाले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे। मुख्यमंत्री सहायता निधि व धर्मार्थ अस्पताल सहायता कक्ष द्वारा दी गई जनाकारी के अनुसार पिछले एक वर्ष से मुख्यमंत्री सहायता निधि और धर्मार्थ अस्पताल सहायता कक्ष में नए सुधार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नई ऑनलाइन प्रणाली विकसित की गई है। इसके तहत, मरीज द्वारा अस्पताल में सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद अस्पताल प्रशासन आवेदन को मुख्यमंत्री सहायता निधि कार्यालय को स्वीकृति के लिए भेजेगा। यदि सभी दस्तावेज नियमों के अनुसार पाए गए तो आवेदन की स्वीकृति प्रक्रिया 8 घंटे के भीतर पूरी कर दी जाएगी। इससे मरीज और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।
पिछले वित्तीय वर्ष (1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) के दौरान राज्य में कुल 40,776 मरीजों को 333 करोड़ 6 लाख 81 हजार 500 रूपयो की चिकित्सा सहायता प्रदान की गई है। कक्ष प्रमुख रमेश्वर नाइक ने बताया कि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके, इसलिए यह ऑनलाइन प्रणाली विकसित की गई है। मुख्यमंत्री फडणवीस के हाथों उद्घाटन होने के बाद इसे पूरे राज्य में प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। जरूरतमंद मरीजों के लिए टोल-फ्री नंबर 1800 123 2211 उपलब्ध कराया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

