मनपा स्कूल के बच्चों को पढ़ाएंगे मुख्यमंत्री फडणवीस
मुंबई, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका ने अपने स्कूलों के बच्चों की बौद्धिक क्षमता, संवैधानिक मूल्य और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने के लिए नई पहल शुरू की है। इसके तहत मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई शुक्रवार 16 अक्टूबर को बीएमसी स्कूल के बच्चों को पढ़ाएंगे।
दक्षिण मुंबई के दादर स्थित मुंबई पब्लिक स्कूल में मुख्यमंत्री और मुख्य न्यायाधीश दोपहर 3 बजे आयोजित कार्यक्रम में ‘स्मार्ट नागरिक’ और ‘विद्यार्थी प्रेरणा’ पुस्तिकाओं का विमोचन भी करेंगे। मुख्यमंत्री फडणवीस की संकल्पना और विधायक अमित साटम के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य पहली से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों में समानता, बंधुत्व, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विद्यार्थियों को गतिविधियों, परियोजनाओं और संवाद के माध्यम से जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख दी जाएगी।
छठी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए तैयार ‘विद्यार्थी प्रेरणा’ पुस्तिका में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में योगदान की जानकारी सरल भाषा में दी गई है। इस पुस्तिक पर आधारित परीक्षा जनवरी 2027 में होगी और अप्रैल में प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

