home page

सीएम फडणवीस ने दिए नागपुर हादसे के उच्चस्तरीय जांच के आदेश, मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख आर्थिक मदद

 | 

मुंबई, 01 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर के कटोल तहसील के राउलगांव में एक एम्युनिशन कंपनी में हुए धमाके की घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक जताते हुए उनके आश्रितों को 5-5 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ कंपनी की ओर से प्रभावितों को आर्थिक मदद दी जाएगी। घायलों के इलाज का खर्च सरकार वहन करेगी।

एसबीएल एनर्जी लिमिटेड कंपनी में रविवार सुबह धमाका हुआ। इस हादसे में 17 मज़दूरों की मौत हो गई है। जबकि 18 मज़दूर घायल हैं। जिस बिल्डिंग में धमाका हुआ, वहां का सारा सामान और मलबा 500 से 700 मीटर दूर जा गिरा। मरने वालों में ज़्यादातर महिलाएं हैं। एसबीएल एनर्जी लिमिटेड एक एक्सप्लोसिव कंपनी है जो कलमेश्वर पुलिस स्टेशन की हद में राहुलगांव में है। यह कंपनी माइनिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए एक्सप्लोसिव, डेटोनेटर और उससे जुड़े उत्पाद बनाती है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस घटना पर शोक जताया है। पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने भी प्रशासन से धमाके की जानकारी मिलने के बाद तुरंत मदद देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री फडणवीस व उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर शोक जताया है और विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इलाके को सील कर दिया गया है। वहां किसी को जाने की इजाज़त नहीं है। धमाके के बाद उस जगह पर भीषण आग लग गई थी, करीब चार घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर भी काबू पाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार