अजीत पवार की स्मृति में फोटो प्रदर्शनी का आयोजन, मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
मुंबई, 21 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजीत पवार की जीवन यात्रा पर आधारित विशेष फोटो प्रदर्शनी का मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी अजीत पवार की 67वीं जयंती के अवसर पर उनकी स्मृतियों को समर्पित की गई है।
चर्चगेट स्थित विमेंस इकोनॉमिक डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के ऑडिटोरियम में आयोजित इस प्रदर्शनी का नाम ‘अजीत स्मृति अविरत स्मृति’ रखा गया है। इसमें तस्वीरों के माध्यम से अजीत पवार के राजनीतिक सफर, सामाजिक योगदान और व्यक्तिगत जीवन की झलक प्रस्तुत की गई है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से अजीत पवार की पूरी जीवन यात्रा को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अजीत पवार की यादें हमेशा लोगों के दिलों में बनी रहेंगी।
प्रदर्शनी में अजीत पवार के सार्वजनिक जीवन, प्रशासनिक कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान से जुड़ी तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, मेडिकल शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन, स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर, सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

