home page

सीएम फडणवीस और शरद पवार एक मंच पर, अटकलों का बाजार गर्म

 | 

मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। पुणे जिले की मावल तहसील के तलेगांव में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फ़डणवीस और एनसीपी (एसपी) के मुखिया शरद पवार के एक मंच पर नजर आने से सियासत गरमा गई है। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और राकां (एसपी) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल भी मौजूद थे। इससे राजनीतिक हलकों में अटकलों और कयासों का बाजार गर्म हो गया है।

पुणे के तलेगांव एमआयडीसी में ह्युंदाई कंपनी के नए प्लांट के उद्घाटन और भारत में ह्युंदाई मोटर्स के 30 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में सीएम फडणवीस, डीसीएम सुनेत्रा पवार, शरद पवार और उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल एक मंच पर नजर आए। इस समय जयंत पाटिल खुद सीएम फडणवीस के पास गए और चर्चा की। उस समय शरद पवार भी उनके बगल में ही थे और दोनों ने एक दूसरे बातचीत की। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले सीएम फडणवीस और शरद पवार ने एक ही कार से यात्रा की।इस लेकर सियासी गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। शुरू हो गया कि आखिर शरद पवार और फडणवीस के बीच क्या बातचीत हुई?

पिछले कई दिनों से दोनों राकांपा के विलय और शरद पवार की पार्टी के एनडीए गठबंधन में शामिल होने की चर्चाएं हैं। हालांकि शरद पवार की पार्टी के नेता इन चर्चाओं को खंडन कर चुके हैंष लेकिन गाहे-बगाहे इस तरह की चर्चाएं सुर्खियों में आती रही हैं। इस बीच शरद पवार, मुख्यमंत्री फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के साथ नजर आने पर फिर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या इस मुलाकात के दौरान इस मुद्दे पर कोई चर्चा हुई. या फिर राज्य के भयंकर सूखे को लेकर बातचीत हुई। राकांपा (एसपी) किसानों को ज्यादा से ज्यादा आर्थिक मदद देने की मांग कर रही है। फिलहाल दोनों तरफ से इस संबंध में कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार