home page

मुख्यमंत्री फडणवीस ने केंद्र में जाने की चर्चाओं पर लगाया विराम, कहा-मैं महाराष्ट्र में ही रहूंगा

 | 
मुख्यमंत्री फडणवीस ने केंद्र में जाने की चर्चाओं पर लगाया विराम, कहा-मैं महाराष्ट्र में ही रहूंगा


मुंबई, 26 जुलाई, (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को उनके केंद्र में जाने की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए कहा कि मैं महाराष्ट्र में ही रहूंगा। फडणवीस के इस वक्तव्य के बाद उनके दिल्ली जाने और केंद्र में जिम्मेदारी मिलने की अटकलों पर विराम लग गया है।

नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान फडणवीस ने मुंबई में ठाकरे बंधुओं द्वारा आयोजित जल्लोस सभा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दे किसी व्यक्ति या किसी राजनीतिक दल के नहीं हैं। देश का हित सर्वोपरि है। इस मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी आवश्यक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे को धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे से कुछ आनंद हुआ है। वे खुश हैं तो उन्हें खुश रहने देना चाहिए। मैं इस समय नागपुर में हूं, शाम को मुंबई आऊंगा। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि वे फिलहाल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रुप में बने रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे से कुछ पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस दिल्ली गए थे। इसके बाद शिवसेना यूबीटी के प्रवक्ता संजय राऊत ने संभावना जताई थी कि देवेंद्र फडनवीस को केंद्रीय शिक्षा मंत्री बनाया जा सकता है। इसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की जोरदार चर्चा होने लगी थी। मुख्यमंत्री ने आज इन सभी चर्चाओं पर विराम लगा दिया है।

_______________

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव