मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में 'पंढरपुर वारी और संतों के पदचिह्न' वृत्तचित्र का प्रीमियर
मुंबई, 09 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के सूचना एवं जनसंपर्क महासंचालनालय तथा वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी चैनल के संयुक्त निर्माण में तैयार किए गए 'पंढरपुर वारी और संतों के पदचिह्न' वृत्तचित्र का प्रीमियर शो मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में आईनॉक्स सिनेमाघर में आयोजित किया गया।
इस प्रीमियर शो में विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे, कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, विधायक प्रवीण दरेकर, विधायक निरंजन डावखरे, सूचना एवं जनसंपर्क महासंचालनालय के प्रधान सचिव तथा महासंचालक बृजेश सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव समृद्धी अनगोळकर, निदेशक डॉ. किशोर गांगुर्डे, गोविंद अहंकारी, सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव अजय भोसले, उपनिदेशक वर्षा आंधळे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
यह वृत्तचित्र पंढरपुर वारी का प्रत्यक्ष अनुभव कराता है। उपस्थित लोगों ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस वृत्तचित्र को देखते समय ऐसा प्रतीत हुआ मानो पंढरपुर वारी वास्तव में सिनेमाघर में साकार हो गई हो। 'पंढरपुर वारी और संतों के पदचिह्न' 22 मिनट का एक वृत्तचित्र है, जिसे वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के सहयोग से तैयार किया गया है। इस वृत्तचित्र का मराठी, अंग्रेज़ी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, बांग्ला, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में डबिंग कर इसे डिस्कवरी के विभिन्न उपग्रह चैनलों पर प्रसारित किया जा रहा है। विभिन्न भाषाओं में इस वृत्तचित्र का प्रसारण डिस्कवरी, डिस्कवरी एचडी, टीएलसी, टीएलसी एचडी, एनिमल प्लैनेट, एनिमल प्लैनेट एचडी, इन्वेस्टिगेशन डिस्कवरी (आईडी), डिस्कवरी साइंस तथा डिस्कवरी टर्बो सहित कुल 9 चैनलों पर किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

