मुख्यमंत्री ने मुंबई में कनेक्टिविटी बढ़ाने वाली प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का किया उद्घाटन
मुंबई, 13 अगस्त(हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र में आवाजाही और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने वाली कई महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से यातायात व्यवस्था को गति मिलेगी और मुंबई के शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
दक्षिण मुंबई स्थित सह्याद्रि गेस्ट हाउस से वीडियो लिंक के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड (एससीएलआर) के दूसरे चरण के तहत बीकेसी-वकोला के अंतिम हिस्से और मेट्रो लाइन 2बी के चेंबूर मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही ठाणे-बोरीवली ट्विन-टनल रोड परियोजना के लिए दूसरी टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) ‘अर्जुन’ को भी लॉन्च किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीकेसी क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने के लिए 2017-18 में छह कनेक्टिविटी लिंक की योजना बनाई गई थी, लेकिन बाद में कुल आठ लिंक विकसित किए गए। गुरुवार को अंतिम लिंक का उद्घाटन किया गया। भारत नगर रोड के जरिए एससीएलआर के बीकेसी-वकोला हिस्से से कनेक्टिविटी बेहतर होगी और बीकेसी से बाहर निकलने वाले यातायात को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर यातायात को सुचारू रखने और जाम की समस्या कम करने के लिए अभी और सुधारों की आवश्यकता है। उन्होंने मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट के तहत 238 एसी उपनगरीय लोकल ट्रेनों की खरीद के केंद्र सरकार के फैसले का भी स्वागत किया। फडणवीस के मुताबिक, नई ट्रेनों का पहला बैच 2027 तक आने की उम्मीद है, जबकि सभी ट्रेनें 2029-30 तक सेवा में शामिल कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य मुंबई के यात्रियों को मेट्रो जैसी आधुनिक और सुविधाजनक उपनगरीय रेल सेवा उपलब्ध कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

