महाराष्ट्र के किसानों के लिए बड़ी राहत, कर्ज माफी योजना की पहली सूची बुधवार को होगी जारी
मुंबई, 21 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के किसानों को बड़ी राहत देने वाली घोषणा की है। लंबे समय से किसान कर्ज माफी का इंतजार कर रहे अन्नदाताओं के लिए पात्र लाभार्थियों की पहली सूची बुधवार को जारी की जाएगी। इस घोषणा के बाद कर्ज माफी को लेकर बनी अनिश्चितता समाप्त हो गई है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कैबिनेट बैठक के बाद जानकारी दी कि किसान कर्ज माफी योजना के तहत पात्र किसानों की पहली सूची बुधवार को आधिकारिक रूप से सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना को समय पर लागू करने के लिए प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
सरकार की ओर से बताया गया कि इस प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक तैयारियां बाबासाहेब पाटिल की देखरेख में पूरी की जा रही हैं, ताकि लाभार्थियों की सूची जारी करने और आगे की कार्रवाई में देरी न हो।
राज्य सरकार ने इस सूची को जारी करने के लिए एक विशेष अवसर चुना है। पात्र किसानों की पहली सूची पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार की जयंती के अवसर पर जारी की जाएगी।
महाराष्ट्र सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसान कर्ज माफी की प्रक्रिया 30 जुलाई से पहले शुरू कर दी जाएगी। इस फैसले से राज्य के लाखों किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

