भाजपा व मनसे कार्यकर्ताओं में झड़प, मुंबई में तनाव
मुंबई, 01 सितंबर (हि.स.)। पुणे के एक कॉलेज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो हटाने के बाद माहौल गरमा गया है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे के पुत्र अमित ठाकरे ने बीते दिनों पुणे के एक कॉलेज जाते समय प्रधानमंत्री मोदी की फोटो हटा दी थी। इसके खिलाफ मंगलवार को मुंबई में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा और मनसे के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए व झड़प हो गई। इससे क्षेत्र में तनाव निर्माण हो गया है। हालात को देखते हुए माहिम और दादर इलाके में पुलिस का भारी बंदोबस्त तैनात किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित ठाकरे के खिलाफ माहिम में भाजपा युवा मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया। इस विधानसभा क्षेत्र से अमित चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन वे चुनाव हार गए थे। इस बीच भाजपा प्रदर्शनकारियों ने राज ठाकरे के दादर स्थित आवास शिवतीर्थ की ओर कूच किया। रास्ते में भाजपा और मनसे के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान भारी संख्या में मनसे कार्यकर्ता शिवतीर्थ के आसपास जमा हो गए। हालात बिगड़ता देख दादर के शिवतीर्थ इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने इस घटना के लिए मनसे नेता गजानन काले और दूसरे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
दरअसल पुणे के एक सरकारी टेक्निकल कॉलेज में छात्रों को दी जा रही सुविधाओं का निरीक्षण करने गए अमित ठाकरे गए थे। इस कॉलेज का दौरा करने के बाद अमित ने कॉलेज सुपरिटेंडेंट और प्रिंसिपल से कैंटीन में मिलने वाले खाने और खिलाड़ियों के लिए कोच की कमी के बारे में सवाल किए। इस दौरान एक छात्र ने कहा कि वहां छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा के बगल में प्रधानमंत्री मोदी की फोटो लगी है। इसके बाद अमित ने मोदी की फोटो हटाने को कहा। इसके बाद मनसे कार्यकर्ताओं ने तुरंत मोदी की फोटो हटा दी। अब इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ता आक्रामक हो गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी की फोटो हटाने के मामले में अमित ठाकरे के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अमित समेत 25 लोगों के खिलाफ बिना इजाजत के कॉलेज में घुसने के लिए चतुश्रृंगी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

