home page

मुख्यमंत्री फडणवीस ने किया ‘महाचतुर एआई चैटबॉट’ का लोकार्पण

 | 

मुंबई, 27 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को सह्याद्री अतिथिगृह में ‘महाचतुर एआई चैटबॉट’ का लोकार्पण किया। एआई आधारित इस पहल से युवाओं को आसानी से पता चल सकेगा कि उन्हें नौकरी कहां मिलेगी। साथ ही उद्योगों को भी सहजता से कुशल मानव संसाधन अपलब्ध हो सकेगा।

कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग ने इसे तैयार किया है। देश में किसी राज्य सरकार की ओर से तैयार किया गया यह पहला अभिनव उपक्रम है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि भारत की 65 प्रतिशत जनसंख्या 35 वर्ष से कम आयु की है। यह डेमोग्राफिक एडवांटेज देश के विकास के लिए एक बडा अवसर है। युवा शक्ति को कौशल प्रशिक्षण देकर अर्थव्यवस्था की मुख्यधारा में लाना आवश्यक है। इसलिए केंद्र और राज्य सरकार ने कौशल विकास को प्राथमिकता दी है। एआई आधारित यह चैटबॉट कौशल प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर, उद्यमिता मार्गदर्शन, आवेदन प्रक्रिया, असेसमेंट और मार्केट लिंकज जैसी सभी सेवाएं वन-स्टॉप सॉल्यूशन के रूप में उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को सही मार्गदर्शन देने के लिए यह चैटबॉट अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। व्हॉट्सऐप के माध्यम से यह सभी के लिए उपलब्ध होने से इसका व्यापक लाभ मिलेगा। “महाचतुर” नाम जितना सुंदर है, उतना ही यह उपक्रम दूरदर्शी है। यह कौशल, रोजगार और नवाचार के क्षेत्र में नई दिशा देगा।

कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि राज्य के असंगठित कौशल क्षेत्र को एकजुट कर महाराष्ट्र की प्रगति को सशक्त बनाने के लिए एक सक्षम मंच तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। एआई के कारण भविष्य में कुछ नौकरियों पर प्रभाव पड़ेगा, लेकिन बड़े पैमाने पर नए रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे। इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए कौशल विकास विभाग प्रभावी रूप से काम कर रहा है। युवा शक्ति को वैश्विक रोजगार बाजार से जोड़ने का प्रयास जारी है। इस कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव मनीषा वर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार