home page

तीन महीने में पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया तो सिलेंडर आपूर्ति होगी बंद : छगन भुजबल

 | 
तीन महीने में पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया तो सिलेंडर आपूर्ति होगी बंद : छगन भुजबल


मुंबई, 30 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने सोमवार को कहा कि सूबे में तीन माह के अंदर अगर पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन नहीं लिया गया तो गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद की जा सकती है। भुजबल ने कहा कि महाराष्ट्र में ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन यह सब आगामी व्यवस्था के तहत किया जा रहा है।

छगन भुजबल ने केंद्र सरकार के सर्कुलर का जिक्र करते हुए पत्रकारों को बताया कि केंद्र सरकार ने उम्मीद जताई कि राज्य में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क को और तेजी से बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष का असर सिर्फ हमारे देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में महसूस किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बातचीत से रास्ता निकालकर ईंधन की कमी से बचने के लिए हर तरह की कोशिश कर रहे हैं। अच्छी बात ये है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से भी हमारे जहाजों को खास इजाजत दी जा रही है। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी कहा है कि हमारे पास घरेलू गैस की भरपूर सप्लाई है। हम सप्लाई बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।

छगन भुजबल ने कहा कि केंद्र सरकार के सर्कुलर के अनुसार जहां संभव है, लेकिन पीएनजी कनेक्शन नहीं लिए गए हैं, उन लोगों को तत्काल पीएनजी के लिए आवेदन देना चाहिए। यह आवेदन अतिशीघ्र मंजूर करने का निर्देश संबंधितों को दिया गया है। भुजबल ने कहा कि यदि आपने आवेदन किया है और किसी कारण से आपको पीएनजी कनेक्शन नहीं मिलता है, तो हम समझ सकते हैं लेकिन अगर आपने आवेदन नहीं किया है, तो आपकी एलपीजी बंद हो सकती है। पीएनजी का फैसला सभी के लिए नहीं है। यह वहीं लागू होगा जहां पीएनजी की सुविधा है। अन्य जगहों पर एलपीजी की आपूर्ति जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव