अवध एक्सप्रेस से 13.83 करोड़ की चरस बरामद
मुंबई, 22 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। आरपीएफ की टीम ने बांद्रा टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर अवध एक्प्रेस से चरस बरामत की है। एक लावारिस बैग से 13.834 किलोग्राम चरस बरामद हुई है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 13 करोड़ 83 लाख 40 हजार रुपए आंकी जा रही है।
ड्यूटी पर तैनात आरक्षक मुकेश मंगवा, शनिवार की सुबह करीब 4:20 बजे गोरखपुर से बांद्रा टर्मिनस के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची अवध एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19038) की लॉकिंग जांच कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर गार्ड कोच से सटे एक सामान्य कोच में लावारिश पड़े संदिग्ध बैग पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना फौरन ड्यूटी अधिकारी उपनिरीक्षक प्रभाकर राव को दी। बांद्रा टर्मिनस आरपीएफ के प्रभारी जगदीश प्रसाद जाट और कार्यभार निरीक्षक राजेंद्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन व उपनिरीक्षक योगेश कुमार जानी के नेतृत्व में मामले की जानकारी बांद्रा जीआरपी, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम सहित आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त संतोष सिंह राठौड़ एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त कल्याण मोरे को दी गई। आरपीएफ, जीआरपी और फॉरेंसिक टीम ने नार्को स्पेशलिस्ट डॉग 'टेंगा' और जीआरपी के डॉग 'रॉकी' की मदद से बैग की जांच की तो उसमें मादक पदार्थ होने की पुष्टि हुई।
जब बैग खोला गया तो उसमें 31 पैकेट मिले। इनमें कुल 13.834 किलोग्राम चरस बरामद की गई। वीडियोग्राफी करने के बाद आरपीएफ ने आगे की कार्रवाई के लिए जब्त मादक पदार्थ बांद्रा जीआरपी को सौंप दिया है। जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला कर, आगे की जांच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

