home page

केंद्रीय टीम सूखा प्रभावित इलाकों का करेगी निरीक्षण

 | 

मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति का जायजा लेने केंद्र सरकार की एक 11 सदस्यीय टीम सूबे में दाखिल हो गई है। यह टीम गुरुवार 8 से 11 अक्टूबर तक राज्य का दौरा करेगी और खरीफ सीजन में सूखे के हालात व फसल के नुकसान का निरीक्षण करेगी। इस संबंध में केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्रालय ने अधिकृत आदेश जारी किया है।

राज्य के सूखा प्रभावित इलाकों में असल हालात, फसल के नुकसान, पानी की कमी और उससे जुड़े मामलों का सही तरीके से मूल्यांकन किया जाएगा। केंद्रीय टीम के अधिकारी फील्ड मौका मुआवना कर परिस्थिति का जायजा लेगें। सूखे के निरीक्षण के लिए 11 सदस्योंवाली टीम बनाई गई है। इसमें कृषि, जल संसाधन, ग्रामीण विकास, जलापूर्ति, खाद्य व सार्वजनिक वितरण, पशुपालन, वित्त विभाग, नीति आयोग और दूसरे संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हैं। टीम को कृषि और किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव (कृषि बीमा) मुक्तानंद अग्रवाल लीड कर रहे हैं।

निरीक्षण के लिए टीम को तीन ग्रुप में बांटा गया है। टीम एक पश्चिमी महाराष्ट्र के अहिल्यानगर, सोलापुर और पुणे जिलों का दौरा करेगी। टीम दो मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, जालना और बीड जिलों का दौरा करेगी। टीम तीन विदर्भ के नागपुर, यवतमाल जिले और आस-पास के सूखा प्रभावित इलाकों का दौरा करेगी। केंद्रीय और राज्य एजेंसियों में तालमेल बिठाकर किए जाने प्रत्यक्ष निरीक्षण से स्थानीय स्तर की सूखे की परिस्थिति की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी। जिलेवार अंतिम कार्यक्रम निश्चित होने के बाद टीम के दौरे का नियोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार