मध्य रेलवे की 262 गणपति की विशेष ट्रेनें
मुंबई, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य रेलवे ने गणेशोत्सव पर्व में 262 गणपति विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इनमें 200 आरक्षित और 62 अनारक्षित ट्रेनें शामिल हैं। यह ट्रेनें स्पेशल ट्रेनें कोंकण के लिए चलाई जाएंगी।
यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशनों पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त आरपीएफ जवान और टिकट जांच कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। विशेष ट्रेनों में यात्रियों की व्यवस्थित चढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए भी अतिरिक्त सुरक्षा और टिकट जांच कर्मचारियों की व्यवस्था की जाएगी। मध्य रेल ने यात्रियों से ट्रेन के प्रस्थान समय से कम से कम आधा घंटा पहले स्टेशन पहुंचने की अपील की है। मध्य रेलवे से दी गई जानकारी के अनुसार आरक्षित विशेष ट्रेनों में अब तक 1 लाख 17 हजार 682 यात्रियों ने टिकटों की बुकिंग करा ली है। इन सेवाओं का संचालन 9 सितंबर से शुरू होगा। मुंबई, पुणे और नागपुर से कोंकण क्षेत्र के लिए चलने वाली इन ट्रेनों से त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मध्य रेल की 200 आरक्षित गणपति विशेष ट्रेनों में सावंतवाड़ी रोड के लिए आने-जाने की 112 सेवाएं, रत्नागिरी के लिए 64 सेवाएं और मडगांव के लिए 24 सेवाएं शामिल हैं। इन ट्रेनों में एसी विशेष के साथ एसी, स्लीपर और जनरल कोचों के मिश्रित संयोजन वाली ट्रेनें भी शामिल हैं। विशेष ट्रेनों के कारण यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और वे पहले से अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे। भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन के लिए कई अतिरिक्त उपाय किए हैं। प्रमुख स्टेशनों पर बेहतर भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग क्षेत्र बनाए गए हैं, जबकि सुचारु टिकटिंग के लिए विभिन्न स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर उपलब्ध कराए जाएंगे। यात्रियों को निःशुल्क पेयजल, भोजन और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों की भी मदद ली जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

