home page

मध्य रेल ने की दिव्यांग सीटों पर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई

 | 

मुंबई, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य रेल के मुंबई मंडल ने 1 से 31 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर दिव्यांग कोचों पर अवैध कब्जा, अनधिकृत फेरी और रेलवे ट्रैक पर ट्रेसपास के खिलाफ कार्रवाई की। कुल 677 मामले दर्ज कर 10.10 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है।

सीएसएमटी व कल्याण कोर्ट बैच, उपनगरीय टिकट जांच दल, सर्व-महिला 'तेजस्विनी' टीम, सुविधा दल, रेल सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग की टीम इस संयुक्त कार्रवाई में शामिल थी। रेलवे अधिनियम की धारा 155(1)(क) के तहत दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित सीटों और डिब्बों पर अवैध कब्जे के 321 मामलों में 6.37 लाख रुपए, जबकि धारा 155(1)(ख) के तहत विशेष श्रेणी के आरक्षित डिब्बों में अनधिकृत यात्रा के 93 मामलों में 93 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। धारा 144 के तहत अनधिकृत फेरी, भीख मांगने और प्रचार-प्रसार के 99 मामलों में 1.98 लाख, जबकि धारा 147 के तहत रेलवे ट्रैक व संपत्ति पर अनधिकृत प्रवेश के 164 मामलों में 82 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।

सबसे अधिक कार्रवाई मानखुर्द स्टेशन पर हुई, जहां 289 मामलों में 4.49 लाख रुपए जुर्माना लगाया गया। इसके बाद वडाला रोड पर 232 मामले व 2.57 लाख रुपए और ठाणे में 61 मामले व 1.22 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। सीएसएमटी, कल्याण, घाटकोपर, पनवेल, मस्जिद, चिंचपोकली, चेंबूर, सानपाड़ा, शिवड़ी, वाशी और लोणावला स्टेशनों पर भी कार्रवाई की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार