home page

फेसबुक कमेंट को लेकर विवाद, नगरसेविका सहित 6 लोगों पर मामला दर्ज, चार गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 16 सितंबर, (हि. स.)। नालासोपारा में फेसबुक पोस्ट पर कथित आपत्तिजनक कमेंट से नाराजगी के बाद एक युवक को होटल में बुलाकर उसके साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में शिवसेना (शिंदे) की स्थानीय नगरसेविका हेमलता सिंह और उनके समर्थकों के खिलाफ तुलिंज पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, धर्मेंद्र विश्वकर्मा नाम के व्यक्ति ने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की थी। इसी पोस्ट को लेकर विवाद शुरू हुआ। शिकायतकर्ता के मुताबिक, अर्जुन दुबे नामक व्यक्ति ने उन्हें नालासोपारा के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया था। वहां पहुंचने पर नगरसेविका हेमलता सिंह और उनके कुछ समर्थक पहले से मौजूद थे। आरोप है कि होटल पहुंचते ही विश्वकर्मा के साथ मारपीट की गई। शिकायत में सोने की चेन और मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। तुलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय जाधव के अनुसार, मामले में दो गुटो से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि हेमलता सिंह को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सोशल मीडिया पोस्ट और कमेंट की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार