निवेश के नाम पर 4 करोड़ रुपये ठगने में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज
मुंबई, 23 नवंबर (हि.स.)। मुंबई की ट्रॉम्बे थाना पुलिस ने 4 करोड़ रुपये की ठगी मामले में रविवार को चार लोगाें के खिलाफ केस दर्ज किया है। इन चारों पर शेयर बाजार में पैसे निवेश कर कई गुना का लाभ का वादा कर निवेशकों को धोखा देने का आरोप है। इस मामले की ट्रॉम्बे पुलिस गहन छानबीन कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मानखुर्द के महाराष्ट्र नगर में रहने वाले अमोल शिंदे ने आज धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में कहा है कि इसी इलाके में रहने वाले विलास कदम, विशाखा कदम, विपुल कदम और मानसी कदम फाइनेंसियल इंवेस्टमेंट कंपनी चलाते थे। इसी वजह से वर्ष 2022 में अमोल शिंदे ज्यादा पैसे कमाने की लालच में विलास कदम से मिले थे। शिकायत के अनुसार उस समय विलास कदम और उनके परिवार ने उन्हें हर महीने इन्वेस्टमेंट पर 5 फीसदी से 13 फीसदी से ज्यादा रिटर्न देने का वादा किया। कदम ने कहा था कि अगर वे अपना पैसा निकालना चाहते हैं तो उन्हें कम से कम एक महीने पहले बताना होगा। इसके बाद अमोल शिंदे ने मई 2022 से मार्च 2023 तक 33 लाख इन्वेस्ट कर दिए। कदम के अनुसार उनके कहने पर करीब साठ लोगों ने चार करोड़ रुपये कदम की इंवेस्टमेंट कंपनी में निवेश कर दिए। लेकिन कुछ महीने पहले विलास कदम और उनके सहयोगियों ने पैसे वापस करना बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर
अमोल शिंदे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। ट्रॉम्बे पुलिस स्टेशन में चारों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है और मामले की छानबीन कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

