home page

पश्चिम उपनगर के कैंसर मरीजों को शताब्दी अस्पताल में मिलेगी कीमोथेरेपी

 | 

मुंबई, 23 जुलाई (हि.स.)। मुंबई मनपा ने सितंबर महीने से कांदिवली के शताब्दी अस्पताल में अत्याधुनिक कीमोथेरेपी वार्ड शुरू करने जा रही है। इस वजह से बोरीवली, कांदिवली, मलाड, गोरेगांव समेत आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को घर के पास ही यह सुविधा मिल सकेगी।

मुंबई पश्चिम उपनगर के कैंसर मरीजों को परेल स्थित टाटा मेमोरियल अस्पताल तक बार-बार लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इससे मरीजों को बडी राहत मिलेगी। मुंबई मनपा ने शताब्दी अस्पताल में कीमोथेरेपी सेवा शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए जरूरी उपकरणों की खरीद, जीवनरक्षक दवाओं का भंडारण व प्रशिक्षित ऑन्कोलॉजिस्ट और नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होते ही सितंबर से मरीजों को यह सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। नई सुविधा शुरू होने से उन्हें मरीजों को घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा।

शताब्दी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय गुप्ता के अनुसार अस्पताल में कीमोथेरेपी वार्ड स्थापित करने का कार्य तेजी से चल रहा है। आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है और सितंबर से सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे टाटा मेमोरियल अस्पताल पर मरीजों का बोझ कम होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार