महंगी कीमतों से म्हाडा के घरों से कतरा रहे खरीददार
मुंबई, 26 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई में 2640 घरों की लॉटरी म्हाडा ने निकाली है। इन घरों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख में सिर्फ चार दिन बाकी हैं, लेकिन घरों की महंगी कीमतों के कारण खरीददार इनसे कतरा रहे हैं। म्हाडा को उम्मीद के अनुसार प्रतिसाद नहीं मिल रहा है।
मुंबईवासी अपना घर पाने का सपना पूरा करने के लिए म्हाडा की लॉटरी का बेसब्री से इंतजार करते हैं। लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग नजर आ रही है। पहले से ही अत्यंत निम्न और निम्न आय वर्ग के लिए इस बार लॉटरी में घरों की संख्या कम है। ऊपर से इन घरों की कीमतें आम लोगों की पहुंच से बाहर हो गई हैं। यही वजह है कि ज्यादातर लोगों म्हाडा के घरों से पर दूरी बना ली है।
म्हाडा के मुंबई मंडल ने दादर, बांद्रा, गिरगांव, गोरेगांव और विक्रोली जैसे इलाकों में 2640 घरों की बिक्री के लिए लॉटरी जारी की है। इस लॉटरी में सबसे सस्ता घर मानखुर्द के पीएमजीपी प्रोजेक्ट में है, जिसकी कीमत 29 लाख 37 हजार रुपये है, जबकि सबसे महंगा घर ताड़देव के क्रिसेंट टॉवर में है, जिसकी कीमत 6 करोड़ 82 लाख रुपये तक है। लॉटरी में अत्यंत निम्न आय वर्ग के लिए केवल 145 घर उपलब्ध हैं। वहीं निम्न आय वर्ग के लिए 858 घर हैं, लेकिन उनकी कीमतें भी करोड़ों में पहुंच चुकी हैं। उदाहरण के तौर पर वर्ली में निम्न आय वर्ग के फ्लैट की कीमत 2 करोड़ 9 लाख रुपये तक है। इन कीमतों को देखकर आम लोगों के सामने यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर वे किस योजना में आवेदन करें। इस स्थिति ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या म्हाडा के घर वास्तव में आम लोगों के लिए किफायती हैं?
मुंबई में म्हाडा की लॉटरी को आमतौर पर भारी प्रतिसाद मिलता रहा है। मई 2023 में 4083 घरों के लिए निकाली गई लॉटरी में 1 लाख 19 हजार 278 आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि सितंबर 2024 में 2030 घरों के लिए 1 लाख 13 हजार 811 लोगों ने आवेदन किया था। लेकिन इस बार स्थिति अलग नजर आ रही है। शनिवार शाम 7 बजे तक 2640 घरों के लिए 39 हजार 986 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से सिर्फ 24 हजार 821 लोगों ने ही अनामत राशि जमा की है।
आवेदनों की कम संख्या को देखते हुए यह संभावना जताई जा रही है कि म्हाडा आवेदन की अंतिम तिथि आगे बढ़ा सकता है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल है कि क्या घरों की कीमतों में भी कटौती की जाएगी। फिलहाल निर्धारित समय के अनुसार इच्छुक लोग 29 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

