बोईसर में प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने की आत्महत्या, तीन के खिलाफ मामला दर्ज
मुंबई, 27 अक्टूबर (हि.स.)।
पालघर जिले के बोईसर में प्रेम प्रसंग को लेकर कथित मारपीट और अपमान से परेशान 27 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। मंगलवार को दांडीपाड़ा स्थित जिला परिषद स्कूल परिसर में पानी की टंकी से फंदे पर लटका उसका शव मिला। मृतक की पहचान तलवाड़ा निवासी प्रतीक भगवान डुकले के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रतीक तारापुर औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में काम करता था। उसकी जेब से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला, जिसमें मारपीट और अपमानजनक व्यवहार का उल्लेख है। आरोप है कि प्रेम प्रसंग को लेकर 26 अक्टूबर को उसे नागझरी इलाके में ले जाकर पीटा गया था।
मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दुकानदार श्रीकांत पांचाल समेत तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह

