बोईसर स्पा पर छापा: देह व्यापार का खुलासा, 3 महिलाएं रेस्क्यू, 3 गिरफ्तार
मुंबई, 11 अप्रैल (हि.स.)।
पालघर जिले के बोईसर में चल रहे एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापा मारकर देह व्यापार का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया, जबकि स्पा से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य संचालक अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।बोईसर पूर्व के बेटेगांव ग्राम पंचायत इलाके में स्थित “निंबा वेलनेस” नाम का यह स्पा लंबे समय से पुलिस के रडार पर था। स्थानीय स्तर पर मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस को यहां मसाज के नाम पर अवैध गतिविधियां चलने का संदेह था।इसकी पुष्टि के लिए पुलिस ने पहले एक नकली ग्राहक भेजा, जिसके जरिए पूरे रैकेट का भंडाफोड़ हुआ। शुक्रवार शाम पुलिस उपाधीक्षक विकास नाईक और पुलिस निरीक्षक सुनील जाधव के नेतृत्व में टीम ने सादी वर्दी में अचानक दबिश दी। छापे के दौरान स्पा के भीतर देह व्यापार का रैकेट पकड़ा गया। जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को बाहर निकाला गया।पुलिस ने पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू फाउंडेशन में भेज दिया है। वहीं, स्पा के तीन कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपीकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को पालघर की अदालत में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह

