home page

मुंबई मनपा की नई पहल, शहर में लगेगी आधुनिक सीसीटीवी कैमरा प्रणाली

 | 

मुंबई, 05 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका ने मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया है। मौजूदा सीसीटीवी नेटवर्क को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा। नए कैमरों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित वीडियो एनालिटिक्स सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधियों की पहचान सही समय पर हो सकेगी।

अब तक शहर में निगरानी की प्रक्रिया काफी हद तक मैन्युअल थी, जिसके कारण कई बार घटनाओं की जानकारी मिलने में देरी हो जाती थी। नई प्रणाली इस कमी को दूर करेगी। नया सिस्टम नागरिक नियमों के उल्लंघन जैसे कचरा फेंकना, अवैध अतिक्रमण और मलबा डालने जैसी गतिविधियों पर भी नजर रखेगा। यह प्रणाली आग लगने, धुआं उठने, पेड़ों के गिरने, जलभराव और अन्य आपात स्थितियों का खुद पता लगाकर संबंधित विभागों को तुरंत अलर्ट भेजेगी।

मनपा अधिकारियों के अनुसार प्रयास है कि इस उन्नत सर्विलांस सिस्टम को पुलिस और आपदा प्रबंधन तंत्र के साथ एकीकृत किया जाए। ताकि विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे। मनपा मुख्यालय में भी इस नई प्रणाली को लागू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार