बढ़ाए जाएंगे मुंबई मनपा के राजस्व स्रोत: महापौर रितु तावड़े
मुंबई, 01 मार्च (हि.स.)। विकास परियोजनाओं के काम और राजस्व घाटे से उबरने के लिए मुंबई मनपा जद्दोजहद कर रही है। हालांकि मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने कहा कि मुंबई मनपा का राजस्व बढ़ाने के लिए विभिन्न उपाय योजनाओं पर अमल किया जाएगा।
महापौर रितु ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों के बावजूद मनपा की आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहेगी। वर्तमान में मनपा का लगभग 81 हजार करोड़ रुपये का फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) है। इसमें से करीब 36 हजार करोड़ रुपये विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए आरक्षित हैं। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि पूरी राशि एक साथ खर्च की जाएगी। आवश्यकतानुसार चरणबद्ध तरीके से धन का उपयोग किया जाएगा। राजस्व बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे ताकि भविष्य में जमा राशि और मजबूत हो सके।
महापौर ने कहा कि फेरीवालों के लिए मनपा एक नई व्यवस्था लागू करने जा रही है। पंजीकृत फेरीवालों को क्यूआर कोड युक्त पहचान पत्र दिए जाएंगे। इस क्यूआर कोड में फेरीवाले की फोटो, आधार, पैन और लाइसेंस से जुड़ी जानकारी होगी। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि केवल पात्र व्यक्ति ही फेरी का व्यवसाय करे। यदि कोई व्यक्ति अपनी जगह किसी और को किराए पर देता है, तो उसका प्रमाणपत्र रद्द किया जा सकता है। इसके अलावा, उन्होंने बार-बार उन्हीं ठेकेदारों को काम दिए जाने पर भी नाराजगी जताई और प्रशासन में पारदर्शिता बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

