home page

बिरसा मुंडा जयंती पर भाजपा का जनजातीय गौरव दिवस सेवा सप्ताह

 | 

मुंबई, 12 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जनजातीय गौरव दिवस सेवा सप्ताह मनाने का निर्णय लिया है। यह सेवा सप्ताह 11 से 18 नवंबर तक मनाया जाएगा। यह जानकारी आदिवासी विकास मंत्री अशोक उईके ने गुरुवार को दी।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद को संबोधित करते हुए मंत्री उईके ने बताया कि सेवा सप्ताह के दौरान आदिवासी समाज के लिए विभिन्न योजनाएं और उपक्रम संचालित किए जाएंगे। क्रांतिसूर्य भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज और देश की स्वतंत्रता के लिए जो कार्य किया, वह पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2021 में क्रांतिसूर्य भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

महाराष्ट्र में 13 नवंबर को आदिम कातकरी जनजाति के लोग जहां निवास करते हैं, वहां विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से कातकरी समाज के लोगों को जाति प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, जन्म पंजीकरण सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की भी योजना है।

14 नवंबर को राज्य के सभी स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इन स्थानों पर दीपस्तंभ और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। आदिवासी समाज के साथ-साथ अन्य समाज के लोगों से भी इस उपक्रम में सहभागी होकर संबंधित परिसरों में रोशनी करने की अपील की गई है। 15 नवंबर को महाराष्ट्र के आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले परियोजना कार्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के आदिवासी समाज और अन्य नागरिकों को शुभकामना संदेश देंगे। वहीं, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

मंत्री उईके ने बताया कि 17 नवंबर को आदिवासी समाज के पारधी समुदाय के लिए विशेष उपक्रम चलाया जाएगा। पारधी समुदाय के लोग जहां निवास करते हैं, वहां शिविर आयोजित कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी तरह 18 नवंबर को सभी परियोजना कार्यालयों और एटीसी कार्यालयों के माध्यम से सरकारी आश्रमशालाओं, अनुदानित आश्रमशालाओं और नामांकित स्कूलों में बड़े पैमाने पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।___________________

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार