home page

भाजपा ने दिए सभी नगरसेवकों को मुंबई से बाहर न जाने के आदेश

 | 

मुंबई, 20 जनवरी (हि.स.)। बीएमसी चुनाव के नतीजों के बाद डीसीएम एकनाथ शिंदे की इस होटल पॉलिटिक्स ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। महायुति में मुंबई के महापौर पद को लेकर चल रही खींचतान के बीच भाजपा भी सावधान हो गई है। पार्टी के सभी नगरसेवकों को मुंबई से बाहर न जाने के आदेश जारी किए गए हैं।

मुंबई में जोड़तोड़ की सियासत हावी होती दिख रही है। बीएमसी में बीजेपी के सबसे ज़्यादा 89 नगरसेवक चुने गए हैं. शिंदे सेना के हिस्से 29 सीटें आई हैं। बहुमत के आंकड़े 114 तक पहुंचने के लिए भाजपा को शिंदे सेना की जरूरत है. शिंदे सेना के बिना बीएमसी में सत्ता बनाना भाजपा के लिए संभव नहीं है। इधर शिंदे सेना ने बालासाहेब ठाकरे के जन्म शताब्दी वर्ष का हवाला देते हुए महापौर पद की मांग करके भाजपा की टेंशन बढ़ा दी है। डीसीएम शिंदे ने खरीद फरोख्त से बचने के लिए अपने सभी नगरसेवकों को ताज लैड होटल में ठहराया है।

भाजपा भी खरीद फरोख्त की संभावनाओं को भांपते हुए सतर्क हो गई है। मुंबई भाजपा ने पार्टी के सभी नगरसेवकों को मुंबई से बाहर न जाने के आदेश जारी किए हैं। ताकीद दी गई है कि अगले 10 दिनों तक नगरसेवकों को मुंबई में ही रहना होगा। कहा गया है कि अगले 10 दिनों तक कोई भी मुंबई न छोड़े। यदि कोई आपात स्थिति निर्माण होती है और शहर छोड़ने की जरूरत पड़ती है, तो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से अनुमति लेनी होगी।

मुंबई के महापौर पद की लॉटरी 22 जनवरी को निकाली जाएगी। अगले कुछ दिनों में तय हो जाएगा कि महापौर कौन होगा। इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी दावोस के वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम से 24 जनवरी तक मुंबई वापस आ जाएंगे। उसके बाद महापौर और दूसरे महत्वपूर्ण पदों को लेकर फ़ैसला होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार