home page

युवाओं के सपनों पर भाजपा सरकार चला रही बुलडोजर- अतुल लोंढे

 | 

मुंबई, 30 जुलाई, (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता ने आरोप लगाया है कि नीट पेपर लीक मामला अभी ताजा ही था कि महायुति सरकार ने युवाओं के सपनों और उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। एमपीएससी से सीधी सेवा भर्ती के जरिए सीधे अधिकारी बनने वाले युवाओं के सपने भाजपा सरकार के नए जीआर से धूमिल हो गए हैं। सरकार एक ऐसा जीआर लाई है जो अधिकारी भर्ती का रेश्यो बदलकर 60-40 कर देता है। इस गलत जीआर को तुरंत कैंसिल किया जाना चाहिए। अन्यथा जेन-जेड और युवा फिर से सड़कों पर उतरेंगे।

तिलक भवन में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए लोंढे ने कहा कि 100 ऑफिसर पोस्ट में से 66 एमपीएससी के ज़रिए और 33 प्रतिशत प्रमोशन से भरे जाते थे। लेकिन राज्य सरकार ने नया शासनादेश लाकर इस रेश्यो को बदल दिया है। नए जीआर के अनुसार डिप्टी कलेक्टर और तहसीलदार जैसे 60 फीसदी पोस्ट प्रमोशन से और 40 प्रतिशत सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। नायब तहसीलदार के 80 प्रतिशत प्रमोशन से भरे जाएंगे और सिर्फ 20 फीसदी पोस्ट सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। यह जीआर उन लाखों युवाओं और उनके परिवारों के साथ नाइंसाफी है जो अधिकारी बनने का सपना देखते हैं।

लोंढे के अनुसार हाल ही में राजस्व विभाग में प्रमोशन से 160 पोस्ट भरे गए हैं, जिससे राजस्व विभाग को एफिशिएंट बनाने का दावा किया गया है। तो क्या सीधी भर्ती से ऑफिसर बनने वाले युवा एफिशिएंट नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि पुणे में 32 लाख बच्चे एमपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। इस नए शासनादेश ने इन बच्चों के सपनों को तोड़ दिया है। यह किसानों, मजदूरों, कामगारों और सामान्य वर्ग के माता-पिता और युवाओं को देश से भागने पर मजबूर करने का तरीका है। यह शासनादेश वापस लिया जाना चाहिए, अन्यथा पार्टी राज्य सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार