सोनिया गांधी व चेन्निथला के खिलाफ भाजपा ने की शिकायत
मुंबई, 20 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और महाराष्ट्र के पार्टी प्रभारी रमेश चेन्निथला के खिलाफ भाजपा ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। राष्ट्रगीत और तिरंगा के कथित अपमान के मामले को लेकर मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और मरीन लाइन्स पुलिस स्टेशन को ज्ञापन सौंपकर दोनों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की गई है।
भाजपा का आरोप है कि स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के गायन के दौरान उसे बीच में रोक कर सोनिया गांधी ने राष्ट्रगीत का अपमान किया. इसी तरह चेन्निथला ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय झंडे वाला केक काटकर तिरंगे का अपमान किया था। इस बारे में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनोद वाघ ने मुंबई पुलिस आयुक्त और मरीन लाइन्स पुलिस स्टेशन को लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

