home page

भाजपा का राहुल गांधी, संजय राऊत पर हमला

 | 

मुंबई, 01 नवबंर (हि.स.)। दिल्ली में निकाली गई इंडिया गठबंधन की महारौली को लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत पर हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा कि चुनाव नतीजों के लिए चुनाव आयोग पर आरोप लगाने वाले राहुल गांधी को कमीशन के खिलाफ मार्च निकालने के बजाय कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कोशिश करनी चाहिए।

नवनाथ बन ने दावा किया कि ईवीएम हो या बैलेट पेपर, जनता का वोट भाजपा और एनडीए के पक्ष में है। संजय राऊत के राजनीतिक रुख पर निशाना साधते हुए बन ने कहा कि राऊत को भगवान रामचंद्र से ज्यादा रावण से प्यार है। रावण कितना भी ज्ञानी और ताकतवर क्यों न हो, उसका घमंड और उसका अंत तय है। उन्होंने चेतावनी दी कि लोग रामलीला मैदान में हंगामा करने वाली रावणी प्रवृति के घमंड को खत्म कर देंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र अच्छी तरह जानता है कि व्यापारी कौन हैं और लुटेरे कौन हैं। राऊत को पहले अपने ढाई साल के शासन का हिसाब देना चाहिए। व्यापारियों के हितों को समझने के लिए व्यापार की समझ होना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व्यापारियों के हितों के बारे में चिंतित हैं।

बन ने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व के कारण इंडिया गठबंधन में कलह है। शरद पवार और उद्धव ठाकरे दिल्ली मोर्चे से दूर रहे। संजय राऊत अब ठाकरे गुट के बजाय राहुल गांधी के नेतृत्व में काम करने की कोशिश कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार