बिश्नोई गैंग ने दी आरटीओ अधिकारी को धमकी
मुंबई, 14 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र में मराठी बनाम गैर-मराठी का विवाद फिर गहराता नजर आ रहा है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक द्व्रारा टैक्सी- ऑटो रिक्शा चालको के लिए मराठी अनिवार्य किए जाने के बाद मुंबई से सटे मीरा-भाईंदर में नया मामला सामने आया है. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक आरटीओ अधिकारी को धमकी दी है। इससे राजनीति व प्रशासन में हलचल मच गई है।
मीरा-भाईंदर क्षेत्र में उप प्रादेशिक आरटीओ अधिकारी प्रसाद नलावडे को एक धमकी भरा फोन आया। यह धमकी ऑटो रिक्शा से संबंधित दस्तावेजों की जांच और मराठी अनिवार्यता के विरोध में दी गई थी। आरटीओ विभाग ने काशीगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण के अनुसार बिश्नोई गैंग के नाम से आई धमकी कर्नाटक से दी गई थी। आगे की जांच के लिए मामला कर्नाटक पुलिस को सौंपा जाएगा। दरअसल परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा था कि टैक्सी- ऑटो चालकों के लिए मराठी भाषा जानना अनिवार्य है. उन्होंने फर्जी दस्तावेजों की जांच के निर्देश दिए थे। उन्होंने संकेत दिए थे कि नियमों का उल्लंघन करने पर परमिट रद्द किए जा सकते हैं। इसी के तहत मीरा-भाईंदर में आरटीओ विभाग ऑटो चालकों के दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने सोमवार को कहा कि यह कदम राज्य की सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए है। महाराष्ट्र में किसी तरह का कारोबार करना है, तो मराठी आनी चाहिए। यह राज्य की संस्कृति का हिस्सा है। ओला, उबर और रैपिडो जैसी ऐप-बेस्ड सर्विस के कई ड्राइवर हिंदी बोलने वाले बैकग्राउंड से आते हैं। कई ड्राइवर टैक्सी- ऑटो-रिक्शा चलाने के लिए परमिट लेते हैं। ऐसे ड्राइवरों को काम करने के लिए वैलिड लाइसेंस और बैज लेना ज़रूरी है। राज्य सरकार ने तय किया है कि जो कोई भी महाराष्ट्र में बिज़नेस करना चाहता है, उसे मराठी आनी और समझनी होगी।
मीरा रोड-भाइंदर क्षेत्र में 12 हजार से अधिक ऑटो-रिक्शा और टैक्सी परमिट धारकों की जांच शुरू की गई है। यह जांच 1 मई तक चलेगी। परिवहन अधिकारियों का सुझाव है कि यह पहल पूरे राज्य में इसी तरह की जांच के लिए एक मॉडल के तौर पर काम कर सकती है। अधिकारियों के अनुसार इस प्रक्रिया में ड्राइवरों को न केवल वैध दस्तावेज दिखाने होते हैं, बल्कि मराठी में बेसिक जानकारी भी साबित करनी होती है। आरटीओ में भाषा पढ़ने और लिखने की क्षमता का टेस्ट लिया जा रहा है। इसमें छोटे पैसेज लिखना भी शामिल है, जो 2019 में बदलाव के बाद महाराष्ट्र मोटर व्हीकल्स रूल्स के तहत लाए गए नियमों के अनुसार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

