इस्तीफा दें भीमनवार- संजय राऊत
मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। एमपीएससी पेपर लीक मामले को लेकर पुणे में चल रहे छात्रों के आंदोलन को शिवसेना (यूबीटी) ने समर्थन दिया है। पार्टी सांसद संजय राऊत रविवार को पुणे पहुंचे और छात्रों से मुलाकात की। उन्होने कहा कि पीछे मत हटो, आपका संघर्ष सफल होगा। एमपीएससी कमिशन के चेयरमैन विवेक भीमनवार को पद छोड़ना ही पड़ेगा।
राऊत ने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं। यह संघर्ष महाराष्ट्र के भविष्य से जुड़ा है। यहां के शासक चाहते हैं कि युवा न बोलें, न पढ़ें, न अपने हक के लिए आवाज उठाएं। लेकिन यह महाराष्ट्र शिवाजी महाराज, महात्मा फुले शाहू महाराज,आंबेडकर का है. अन्याय के खिलाफ उठना यहां की मिट्टी की सीख है। पिछले कुछ दिनों से स्टेट पब्लिक सर्विस कमीशन के चेयरमैन के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा है। एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार भी इस आंदोलन में शामिल हो गए हैं ताकि आने वाली पीढ़ी जी सके। भीमनवार को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सरकार चुनावी धांधली कर सत्ता स्थापित करने के भ्रष्टाचार में लिप्त है। ज्ञानेश कुमार को भी जाना ही होगा।
राऊत ने कहा कि सरकार आपकी आवाज से डरी हुई है. लेकिन वह बहरी होने का नाटक कर रही है। पुणे में हो रहा आंदोलन महाराष्ट्र का जंतर-मंतर है। जंतर-मंतर का पैटर्न 'बिना लिए नहीं रहता'। धर्मेंद्र प्रधान चले गए. अब नंबर एमपीएससी कमीशन के चेयरमैन भीमनवार का है। अगर यह सरकार युवाओं की नहीं सुनेगी, तो किसकी सुनेगी? युवाओं में ही राज्य और देश में बदलाव लाने की ताकत है. सरकार ने आपके आंदोलन को बांटने की कोशिश की। यदि सरकार का दिल साफ होता, तो वह ऐसा नहीं करती। बच्चों की मांग है कि एमपीएससी कमीशन को साफ किया जाए. अगर सरकार साफ तरीके से चुनाव नहीं करा सकती, तो वह परीक्षा कैसे कराएगी? छात्र अपना आत्मविश्वास बनाए रखें ताकि कोई गलत आदमी इस पोस्ट पर नियुक्त न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

